
हाथरस 21 जुलाई । चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव शहजादपुर में सोमवार देर रात एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव शहजादपुर निवासी नंबर सिंह पुत्र एदल सिंह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले तक वह पूरी तरह स्वस्थ थे और परिवार के लोगों से सामान्य बातचीत कर रहे थे। देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग निकलने लगे। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने नियमानुसार घटना की सूचना चंदपा पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही परिजन शव को अपने साथ घर ले गए। परिजनों के अनुसार नंबर सिंह अविवाहित थे और उनका किसी से कोई विवाद भी नहीं था। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। चंदपा कोतवाली पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और परिजनों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101









