
हाथरस 21 जुलाई 2026। हज-2027 पर जाने के इच्छुक आवेदकों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के निर्देशों के क्रम में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सरिता सिंह ने बताया कि हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई से बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक हज यात्री हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर निर्धारित अवधि के भीतर अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य पूरा कर लें। जिन आवेदकों ने केवल पंजीकरण कराया है, लेकिन किसी कारणवश आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे भी 24 जुलाई से पहले अपना आवेदन पूर्ण कर दें। निर्धारित तिथि के बाद अधूरा आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिन आवेदकों को अभी तक भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट प्राप्त नहीं हुआ है, वे तत्काल संबंधित पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क कर पासपोर्ट प्राप्त कर लें, ताकि अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सके। उन्होंने बताया कि हज यात्रियों के चयन के लिए ऑनलाइन कुर्रा (डिजिटल रैंडम सेलेक्शन) 30 जुलाई को हज हाउस, मुंबई में आयोजित किया जाएगा। चयनित यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी तथा चयन की सूचना एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी। चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई के खाते में जमा करनी होगी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने वर्ष 2027 में हज यात्रा पर जाने के इच्छुक सभी आवेदकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।






