Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 जुलाई 2026। जनपद के बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रधानमंत्री केयर्स फंड से निर्मित ऑक्सीजन प्लांट पर स्थापित प्रेशर बूस्टर सिस्टम का शुभारंभ सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि जिला प्रशासन की पहल से अब जिला अस्पताल परिसर में ही ऑक्सीजन सिलेंडरों की रिफिलिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रेशर बूस्टर सिस्टम के माध्यम से ऑक्सीजन प्लांट से सीधे सिलेंडरों में ऑक्सीजन भरी जा सकेगी, जिससे बाहरी एजेंसियों पर निर्भरता समाप्त होगी, समय की बचत होगी और अनावश्यक खर्च में भी कमी आएगी। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने प्रेशर बूस्टर सिस्टम से ऑक्सीजन सिलेंडर भरकर उसका सफल प्रदर्शन भी किया। इसके बाद सदर विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष और जिलाधिकारी ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित एमडीटीवी अस्पताल में प्रस्तावित नई इमरजेंसी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिला अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं सीमित स्थान में संचालित हो रही हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इमरजेंसी कक्ष का विस्तार किया जा रहा है, जिससे अधिक मरीजों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें शीघ्र संबंधित वार्डों में स्थानांतरित किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि विस्तारित इमरजेंसी व्यवस्था शुरू होने के बाद जनपदवासियों को अधिक सुलभ, प्रभावी और बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इससे गंभीर मरीजों के उपचार की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी और जिला अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनेगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next News :-सदर विधायक ने दिया पीड़ित परिवार को दी आर्थिक सहायता, डीएम व एसपी बोले शासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ है खड़ा

Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page