
हाथरस 19 जुलाई। महिला थाना में सिकंदराराऊ क्षेत्र की एक विवाहिता के भाई ने पति एवं ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जेवरात हड़पने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिकंदराराऊ के मोहल्ला कुरेशियान निवासी जाकिर ने महिला थाना प्रभारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बहन नजराना का विवाह 16 अगस्त 2020 को लईक अहमद उर्फ भूरा, पुत्र जहीर अहमद, निवासी कासगंज (वर्तमान निवासी मोहल्ला कुरेशियान, सिकंदराराऊ) के साथ हुआ था। विवाह में परिवार ने करीब 15 लाख रुपये खर्च कर दहेज एवं घरेलू सामान दिया था।
शिकायत के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही पति, सास, ननद, जेठ एवं अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में कार और नकदी की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता का मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न किया गया। पीड़िता के भाई का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने दुकान खोलने के नाम पर उनकी मां के सोने का हार, झुमके, चार चूड़ियां और एक चेन ले लिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो दुकान खोली गई और न ही जेवरात लौटाए गए। जेवर वापस मांगने पर कहा गया कि कासगंज का मकान बिकने के बाद जेवर लौटा दिए जाएंगे, लेकिन मकान बिकने के बाद भी जेवर नहीं दिए गए।
जाकिर ने आरोप लगाया कि 12 जनवरी को ससुराल पक्ष ने उनकी बहन के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया और पति ने धमकी दी कि यदि कार नहीं मिली तो वह दूसरी शादी कर लेगा। तब से नजराना अपने मायके में रह रही है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति एवं अन्य नामजद ससुरालीजनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101









