
हाथरस 12 अगस्त। रेल प्रशासन ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए लालकुआं-साबरमती-लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन के फेरों में विस्तार किया है। वहीं लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन के विभिन्न स्टेशनों पर आगमन और प्रस्थान के समय में आंशिक संशोधन किया गया है। दोनों ट्रेनें हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेंगी, जिससे राजस्थान और गुजरात की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 05344 लालकुआं-साबरमती साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन दो सितंबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को 13 अतिरिक्त फेरों के लिए किया जाएगा। ट्रेन लालकुआं से दोपहर 1:35 बजे रवाना होकर शाम 6:15 बजे हाथरस सिटी पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 11:05 बजे साबरमती पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05343 साबरमती-लालकुआं विशेष ट्रेन तीन सितंबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को साबरमती से शाम चार बजे चलेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 8:24 बजे हाथरस सिटी पहुंचेगी और दोपहर 2:20 बजे लालकुआं पहुंचेगी। ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 05045/05046 लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक विशेष ट्रेन की समय सारिणी में भी संशोधन किया गया है। लालकुआं-राजकोट ट्रेन 27 सितंबर तक प्रत्येक रविवार को लालकुआं से दोपहर 12:35 बजे रवाना होकर शाम 6:15 बजे हाथरस सिटी पहुंचेगी और अगले दिन शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी। वापसी में राजकोट-लालकुआं विशेष ट्रेन 28 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार को रात 10:30 बजे राजकोट से रवाना होगी। संशोधित समय के अनुसार यह ट्रेन अगले दिन रात 11:32 बजे हाथरस सिटी पहुंचेगी और तीसरे दिन तड़के 4:45 बजे लालकुआं पहुंचेगी। दोनों ट्रेनों के फेरों में विस्तार और समय में बदलाव से हाथरस सिटी से राजस्थान एवं गुजरात की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










