Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 अगस्त। गुजरात के बड़ोदरा में मूलरूप से हाथरस की रहने वाली 24 वर्षीय विवाहिता ने कथित तौर पर पति की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। घटना 9 अगस्त की बताई जा रही है, जिसका मामला आज दोपहर सामने आया। मृतका की पहचान सीमा के रूप में हुई है। उसकी शादी 22 जून 2023 को हाथरस निवासी सुधीर कुमार से हुई थी। जानकारी के अनुसार सुधीर कुमार बड़ोदरा की रिलायंस टाउनशिप उंडेरा में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। 9 अगस्त की सुबह सुधीर मोबाइल फोन ठीक कराने के लिए बाहर गया था। इसी दौरान सीमा ने अपनी आठ माह की बेटी को ऊपर रहने वाले किराएदार के पास छोड़ा और कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो सीमा का शव दुपट्टे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सायजी अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के अनुसार सीमा ने अपने पैर पर कथित रूप से लिखा था कि वह मारपीट सहन नहीं कर सकती। घटना के बाद सीमा के मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने पति सुधीर कुमार, ससुर अनेक सिंह और सास शीला देवी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। सीमा के भाई अनिल ने आरोप लगाया कि सुधीर द्वारा प्लॉट के लिए दो लाख 50 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर सीमा को कथित तौर पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। भाई का यह भी आरोप है कि सीमा के मायके पक्ष के लोगों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page