Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 जुलाई। जनपद के गांव चमरौली में गुरुवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर एक ट्रैक्टर चालक को गोली मार दी। गोली युवक के सिर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गांव चमरौली निवासी संजय कुमार पेशे से ट्रैक्टर चालक हैं। गुरुवार को वह रोज की तरह काम से लौटने के बाद भोजन कर अपने घर में सो रहे थे। देर रात कुछ अज्ञात हमलावर घर में घुस आए और सो रहे संजय के पास पहुंचकर उनके माथे पर सटाकर गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े तो संजय खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। घटना के तुरंत बाद परिजन गंभीर रूप से घायल संजय को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page