
हाथरस 17 जुलाई। जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान एसआरबी पब्लिक स्कूल के मेधावी छात्रों ने नीट (NEET)-2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, अपने अभिभावकों एवं पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। घोषित परिणामों में विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। सुहानी बंसल ने 8848वीं रैंक, अवनी सिंह ने 7550वीं रैंक, अतुल धनराज ने 2477वीं रैंक तथा कात्यायनी उपाध्याय ने 23982वीं रैंक प्राप्त कर सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया। सभी सफल विद्यार्थियों ने एमबीबीएस में प्रवेश के लिए अपनी मजबूत दावेदारी सुनिश्चित की है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के डायरेक्टर प्रदीप सेंगर एवं चेयरमैन ए.पी. सिंह ने चयनित विद्यार्थियों का माल्यार्पण, पटका पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मान किया। साथ ही विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी सम्मानित करते हुए उनकी प्रेरणा और सहयोग की सराहना की गई। समारोह को संबोधित करते हुए डायरेक्टर प्रदीप सेंगर ने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण तथा अनुभवी शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि इस वर्ष भी विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्र प्रत्येक वर्ष आईआईटी, नीट और एनआईटी जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ा रहे हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र दत्त शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन के साथ आगे बढ़ने तथा चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थियों ने सफल छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











