
हाथरस 17 जुलाई। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पशुओं में होने वाले खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग की रोकथाम के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित एफएमडीसीपी (Foot and Mouth Disease Control Programme) योजना के अंतर्गत जनपद में आठवें चरण का निःशुल्क टीकाकरण अभियान 22 जुलाई से प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के तहत पशुपालन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं पशु मित्र जनपद के सभी गांवों में घर-घर जाकर पशुपालकों के पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगे। इसके लिए जनपद को केंद्रीय भंडार से 4 लाख 84 हजार एफएमडी वैक्सीन की डोज प्राप्त हो चुकी हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने गौवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक एवं गंभीर बीमारी की प्रभावी रोकथाम की जा सके। उन्होंने जनपद के सभी ग्राम प्रधानों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से भी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए गांवों में पहुंचने वाली पशुपालन विभाग की टीमों का सहयोग करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि अभियान से संबंधित अधिक जानकारी के लिए पशुपालक अपने क्षेत्र के निकटतम पशु चिकित्सालय से संपर्क कर सकते हैं तथा विभाग द्वारा संचालित इस निःशुल्क टीकाकरण अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













