
हाथरस 16 जुलाई। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उनकी समस्याओं और शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जनपद हाथरस में 17 जुलाई को प्रातः 11 बजे ग्राम कुम्हारई में महिला चौपाल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेनू गौड़ करेंगी। महिला चौपाल के माध्यम से महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों, महिला सुरक्षा, महिला कल्याणकारी योजनाओं तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं की शिकायतों और समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण की कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन की ओर से जनपद की अधिक से अधिक महिलाओं से अपील की गई है कि वे महिला चौपाल में सहभागिता कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों तथा अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करने के लिए इस अवसर का लाभ उठाएं।










