
हाथरस 14 जुलाई। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आज जिला महिला अस्पताल में कथित अवैध वसूली, मरीजों के साथ दुर्व्यवहार एवं इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। सपा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल के लेबर रूम में सामान्य डिलीवरी के लिए आने वाली महिलाओं से ‘नेग’ के नाम पर 2100 से 5100 रुपये तक की अवैध वसूली की जाती है। वहीं, सिजेरियन ऑपरेशन कराने वाले मरीजों से 8 हजार से 10 हजार रुपये तक की रकम मांगी जाती है। पार्टी का आरोप है कि निर्धारित राशि न देने पर मरीजों के इलाज में अनावश्यक देरी की जाती है और कई मामलों में ऑपरेशन करने से भी इनकार कर दिया जाता है। ज्ञापन में 13 जुलाई 2026 की एक घटना का भी उल्लेख किया गया है। सपा का आरोप है कि एक गर्भवती महिला के परिजनों से ऑपरेशन के लिए 8 हजार रुपये की मांग की गई। पूरी राशि की व्यवस्था न होने पर ऑपरेशन नहीं किया गया। इसके अलावा ओपीडी में भी डॉक्टरों द्वारा मरीजों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत की गई है। समाजवादी पार्टी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा अस्पताल में पारदर्शी, जवाबदेह और मरीज हितैषी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष अकील कुरैशी, यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष नरेश कुमार दिवाकर, विधानसभा अध्यक्ष चमन कुमार, जिला सचिव जुगनू मौहर, पिंटू दिवाकर, शाहेवाज कुरैशी, मोहित कश्यप एडवोकेट, अरमान कुरैशी, हेमंत शर्मा, आजाद कुरैशी, शीलू भैया, राशिद खान, विशाल, पुरान, सलीम मलिक सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101












