Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 13 जुलाई। बस स्टैंड पर यात्री प्रतीक्षालय के लोकार्पण के दौरान जर्जर रोडवेज बस स्टैंड का मुद्दा उठा। स्थानीय लोगों की मांग पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि और विधायक प्रदीप चौधरी ने बस स्टैंड का निरीक्षण किया। जनता ने इसके पुनर्निर्माण और कायाकल्प की मांग की। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर में गंदगी, जर्जर इमारत, टूटी-फूटी सुविधाएं और अव्यवस्थाएं स्पष्ट दिखीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बसों का नियमित संचालन न होने से यह बस स्टैंड अब टैक्सी स्टैंड में बदल गया है। सुबह-शाम कुछ बसों के अलावा दिनभर परिसर सुनसान रहता है, जिससे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। रखरखाव के अभाव में परिसर की हालत लगातार खराब हो रही है। निरीक्षण के बाद सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि रोडवेज बस स्टैंड की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर इसके पुनर्विकास और आवश्यक सुविधाओं के विस्तार का प्रयास करने का आश्वासन दिया, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि उन्होंने विधायक बनने के बाद सादाबाद रोडवेज बस स्टैंड के कायाकल्प का प्रस्ताव उठाया था, लेकिन परिवहन विभाग की गलत रिपोर्ट के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने आश्वासन दिया कि अब वह स्वयं मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाएंगे और सादाबाद के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कराने का हरसंभव प्रयास करेंगे। सांसद और विधायक के आश्वासनों के बाद स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि लंबे समय से उपेक्षित रोडवेज बस स्टैंड का जल्द ही कायाकल्प होगा। इससे यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस अड्डा मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page