Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 जुलाई। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित गोल्ड मोनेटाइजेशन 2.0 स्कीम को लेकर सराफा कारोबारियों में उत्साह देखा जा रहा है। कारोबारियों का मानना है कि यदि यह योजना लागू होती है तो घरों में वर्षों से पड़ा निष्क्रिय सोना बाजार में आएगा, जिससे सोने के आयात पर निर्भरता कम होगी और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। हालांकि, इस योजना को लेकर अभी तक केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सराफा कारोबारियों के अनुसार उत्तर प्रदेश के घरों में करीब 4,500 टन से अधिक सोना मौजूद है। यदि प्रभावी व्यवस्था बनाई जाती है तो शुरुआती चरण में ही लगभग 200 टन सोना बाजार में लाया जा सकता है। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने कहा कि सोने के आयात को कम करने के उद्देश्य से सरकार पहले ही कस्टम ड्यूटी बढ़ा चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि घरों में रखा सोना औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जुड़ जाए तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ होगा। इस संबंध में संगठन ने केंद्र सरकार को एक विस्तृत प्रस्ताव भी सौंपा है। संगठन के राष्ट्रीय सचिव राजीव रस्तोगी ने बताया कि पहले की गोल्ड मोनेटाइजेशन योजना में ग्राहक सीधे बैंक तक अपने गहने ले जाने में सहज महसूस नहीं करते थे, जिससे योजना अपेक्षित सफलता नहीं पा सकी। प्रस्तावित नई व्यवस्था के तहत ग्राहक अपने पुराने गहने पहले किसी भरोसेमंद सराफा व्यापारी के पास ले जाएगा। गहनों की शुद्धता की जांच के बाद उन्हें गलाकर शुद्ध सोना बैंक में जमा कराया जाएगा और ग्राहक के खाते में उसके बराबर की गोल्ड यूनिट दर्ज कर दी जाएंगी। कारोबारी सागर केसरवानी का कहना है कि आज की नई पीढ़ी पुराने डिजाइन के गहने कम पसंद करती है। ऐसे में घरों में रखे पुराने आभूषणों को नई योजना के माध्यम से उपयोग में लाया जा सकता है। इससे ग्राहकों को नए डिजाइन के आभूषण मिलेंगे और निष्क्रिय पड़ा सोना भी अर्थव्यवस्था का हिस्सा बन जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, बैंक जमा किए गए सोने के आधार पर सराफा कारोबारियों को सोना उपलब्ध कराएंगे। कारोबारियों का मानना है कि यदि यह सोना लगभग 4.5 प्रतिशत की लागत पर उपलब्ध कराया जाए तो बाजार में कच्चे सोने की उपलब्धता बढ़ेगी और आयात पर निर्भरता घटेगी। सराफा कारोबारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि आयकर नियमों के अनुसार विवाहित महिला 500 ग्राम, अविवाहित महिला 250 ग्राम और पुरुष 100 ग्राम तक सोना अपने पास रख सकते हैं। निर्धारित सीमा के भीतर सोना रखने पर सामान्यतः किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page