Hamara Hathras

Latest News

नौकरी 11 जुलाई । इंजीनियरिंग और साइंस के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए देश के प्रमुख रक्षा अनुसंधान संस्थान डीआरडीओ (Defence Research and Development Organisation) ने पेड इंटर्नशिप का शानदार अवसर उपलब्ध कराया है। डीआरडीओ की हैदराबाद स्थित डिफेंस मेटलर्जिकल रिसर्च लेबोरेटरी (DMRL) ने छह महीने के इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह 5,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा तथा इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने पर प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। यह इंटर्नशिप बीई, बीटेक, एमई, एमटेक और एमएससी के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए है। आवेदन केवल एआईसीटीई (AICTE) या यूजीसी (UGC) से मान्यता प्राप्त संस्थानों के छात्र ही कर सकते हैं। बीई/बीटेक के विद्यार्थियों के लिए सभी सेमेस्टर में न्यूनतम 7.0 सीजीपीए, जबकि एमई, एमटेक और एमएससी के विद्यार्थियों के लिए प्रथम वर्ष में कम से कम 70 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु 31 जुलाई 2026 तक 28 वर्ष से कम होनी चाहिए।

इंटर्नशिप की अवधि छह महीने होगी, जिसकी शुरुआत 5 अगस्त 2026 से होगी। स्टाइपेंड दो किस्तों में दिया जाएगा। पहली किस्त तीन महीने पूरे होने पर तथा दूसरी किस्त छह महीने की इंटर्नशिप और प्रोजेक्ट के सफल मूल्यांकन के बाद सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी। यदि किसी कारण से इंटर्नशिप छह महीने से अधिक बढ़ती है तो अतिरिक्त अवधि के लिए कोई स्टाइपेंड देय नहीं होगा।

आवेदन प्रक्रिया

इच्छुक अभ्यर्थियों को डीआरडीओ की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर भरना होगा। इसके साथ कॉलेज का अनुशंसा पत्र, अंकपत्र, पहचान पत्र, अधिकतम 300 शब्दों का संक्षिप्त बायोडाटा तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज स्कैन कर hrd.dmrl@gov.in पर ईमेल करने होंगे। ईमेल के विषय (Subject) में “Application for Paid Internship 2026, DMRL Hyderabad (BRANCH CODE: ___)” लिखना अनिवार्य होगा।

चयन प्रक्रिया

उम्मीदवारों का चयन शैक्षणिक रिकॉर्ड और मेरिट के आधार पर किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन या ऑफलाइन इंटरव्यू भी आयोजित किया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों को 31 जुलाई 2026 से ईमेल के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी।

महत्वपूर्ण तिथियां

  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 15 जुलाई 2026
  • चयन की सूचना: 31 जुलाई 2026 से
  • इंटर्नशिप प्रारंभ: 5 अगस्त 2026

इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर देश के प्रतिष्ठित रक्षा अनुसंधान संस्थान के साथ कार्य करने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page