
हाथरस 11 जुलाई। 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए शासन के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी अमृत त्रिपाठी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने और निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत गुणवत्ता एवं जनसहभागिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में नोडल अधिकारी ने विभागवार निर्धारित पौधरोपण लक्ष्य, पौधों की उपलब्धता, उठान, परिवहन तथा चिन्हित स्थलों पर समय से पौधे पहुंचाने की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के प्रत्येक चरण की सतत निगरानी की जाए तथा सभी पौधे निर्धारित स्थानों पर समय से उपलब्ध कराए जाएं। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न ग्राम प्रधानों से मोबाइल फोन पर वार्ता कर स्थानीय स्तर पर की गई तैयारियों और पौधों की उपलब्धता की भी जानकारी ली। अमृत त्रिपाठी ने ग्राम प्रधानों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित कराने की अपील की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण कर प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग की जाए और उसका विवरण हरितिमा ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। साथ ही नोडल विभाग को जीपीएस युक्त फोटोग्राफ सहित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम न रहकर जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनना चाहिए। इसके लिए आमजन, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सहभागिता से व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराने पर भी जोर दिया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नोडल अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि जनपद में निर्धारित 23.45 लाख पौधरोपण के लक्ष्य को गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जनसहभागिता के साथ शत-प्रतिशत पूरा कराया जाएगा तथा शासन द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी राकेश चन्द्र यादव ने बताया कि जनपद को इस वर्ष 23.45 लाख पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। इसमें वन विभाग को 4.71 लाख, ग्रामीण विकास विभाग को 9.41 लाख, कृषि विभाग को 2.79 लाख, पर्यावरण विभाग को 1.07 लाख, उद्यान विभाग को 1.45 लाख, पंचायती राज विभाग को 1.03 लाख तथा राजस्व विभाग को 73 हजार पौधरोपण का लक्ष्य आवंटित किया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी विकास खंडों में स्थित वन विभाग की 11 पौधशालाओं से संबंधित विभागों द्वारा पौधों का उठान कर लिया गया है। अभियान के तहत फलदार, औषधीय, पर्यावरणीय, इमारती एवं छायादार प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही “एक पेड़ माँ के नाम”, “एक पेड़ गुरु के नाम”, महर्षि चरक औषधि वन, वंदे मातरम् वाटिका, कपि वन, समृद्धि वन तथा भाई-बहन वाटिका जैसी विभिन्न थीम आधारित वृक्षारोपण गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, उप निदेशक कृषि, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





















