
हाथरस 25 अगस्त। सदर कोतवाली क्षेत्र के मधुगढ़ी में सोमवार रात 70 वर्षीय वृद्धा अख्तर पत्नी लतीफ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में नया तथ्य सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्धा की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। हालांकि मृतका के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार मधुगढ़ी निवासी अख्तर की सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। मृतका के बेटे अकबर उर्फ पेटल ने आरोप लगाया कि उसके भाई अफसर पर मोहल्ले के ही एक व्यक्ति के रुपये उधार थे। अफसर की 19 सितंबर 2025 को बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। आरोप है कि रुपये के लेनदेन को लेकर आरोपी पिता-पुत्र परिवार पर लगातार भुगतान का दबाव बना रहे थे। अकबर के मुताबिक, सोमवार को आरोपियों ने उसके परिवार के साथ मारपीट की और इसी दौरान उसकी मां अख्तर के पेट में लात लग गई, जिससे वह अचेत हो गईं। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चले गए। सदर कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक आया है। परिजनों की ओर से हत्या की तहरीर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।












