Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 जुलाई । युवा पत्रकार पवन कुमार गुप्ता की मंगलवार रात इटावा में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। लेबर कॉलोनी निवासी पवन कुमार गुप्ता 5 जुलाई को अपनी पत्नी पूजा उर्फ पूर्णिमा को कानपुर स्थित ससुराल छोड़ने गए थे। मंगलवार को वह बाइक से वापस हाथरस लौट रहे थे। इसी दौरान इटावा के थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद राहगीरों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां इमरजेंसी सुविधा उपलब्ध न होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल इटावा रेफर किया गया। मृतक के भाई पीयूष के अनुसार, अस्पताल पहुंचने तक पवन की सांसें चल रही थीं, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका कहना है कि यदि समय पर उचित उपचार मिल जाता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। बुधवार को इटावा में पोस्टमार्टम के बाद शाम को जब उनका पार्थिव शरीर हाथरस स्थित आवास पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी पूजा उर्फ पूर्णिमा और उनके पांच वर्षीय बेटे का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोगों और शुभचिंतकों ने परिवार को ढांढस बंधाया। पवन कुमार गुप्ता के असामयिक निधन से पत्रकारिता जगत और शहर में शोक की लहर है। उनके निधन पर अनेक पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page