Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 जुलाई । जनपद की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाथरस खेल स्टेडियम का तेजी से विकास किया जा रहा है। स्टेडियम में विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अभ्यास का अवसर मिलेगा। स्टेडियम परिसर में लॉन टेनिस कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और बास्केटबॉल कोर्ट तैयार किए जा रहे हैं। वहीं क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सीमेंटेड क्रिकेट केज का निर्माण भी प्रगति पर है, जिससे युवा क्रिकेटरों को अपनी तकनीक और कौशल निखारने में मदद मिलेगी। इंडोर खेलों को बढ़ावा देने के लिए बहुउद्देशीय इंडोर हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही निशानेबाजी के खिलाड़ियों के लिए शूटिंग रेंज भी विकसित की जा रही है, जो जिले के उभरते हुए निशानेबाजों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगी। उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव ने बताया कि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में इंटरलॉकिंग का कार्य भी कराया जा रहा है। इससे परिसर अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम बनेगा। उन्होंने कहा कि खेल स्टेडियम में विकसित हो रही आधुनिक सुविधाओं से जनपद के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण मिलेगा और वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page