Hamara Hathras

Latest News

sports Academy 2026 flex – 1

हाथरस 09 जुलाई । मुख्य विकास अधिकारी पीए दीक्षित के निर्देश पर बुधवार को जनपद के 126 परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान 13 विद्यालयों में मिड-डे मील (एमडीएम) एवं दूध वितरण व्यवस्था में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के लिए 29 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। अधिकारियों ने विभिन्न विकासखंडों के विद्यालयों में पहुंचकर मिड-डे मील की गुणवत्ता, भोजन वितरण एवं दूध वितरण व्यवस्था का सत्यापन किया। निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय नगला हेमा-2, संविलियन विद्यालय महमूदपुर जाटान और प्राथमिक विद्यालय गढ़ी वेरू में बारिश के कारण बच्चों की कम उपस्थिति का हवाला देते हुए मिड-डे मील और दूध का वितरण नहीं किया गया। वहीं संविलियन विद्यालय खेरिया (प्राथमिक), प्राथमिक विद्यालय टोढ़, उच्च प्राथमिक विद्यालय टोढ़, प्राथमिक विद्यालय कटेलिया, संविलियन विद्यालय खिटौली और प्राथमिक विद्यालय लक्षिमपुर में मिड-डे मील एवं दूध वितरण पूरी तरह बंद पाया गया।

इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय सासनी नंबर-3 में मिड-डे मील की गुणवत्ता बेहद खराब मिली, जबकि संविलियन विद्यालय सहजपुरा, प्राथमिक विद्यालय नगला खन्ना और प्राथमिक विद्यालय नारई में बच्चों को दूध का वितरण नहीं किया जा रहा था। बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने कहा कि बच्चों के पोषण एवं उनके अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विद्यालयों के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न होने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page