हाथरस (मुरसान) 09 जुलाई । कस्बा मुरसान के खाई मोहल्ला में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने हालात गंभीर कर दिए हैं। भारी वर्षा और पोखर का जलस्तर बढ़ने से करीब 15 से 20 घरों में पानी भर गया, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई परिवार घर छोड़कर बाहर या मकानों की छतों पर रहने को मजबूर हैं। मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार पूरे दिन और गुरुवार तक जारी रहने के कारण रेलवे लाइन के किनारे स्थित पोखर उफान पर आ गई। पोखर का पानी आसपास के रिहायशी इलाकों में फैल गया और गोवर्धन, विजेंद्र, जानकी, सुरेश, महेश, ओमवीर, लोहरा, जसवंत, हकीम, कन्हैयालाल, भगवान सिंह, मनीष और दिनेश सहित कई लोगों के घरों में घुस गया। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थिति को देखते हुए नगर पंचायत द्वारा पंपसेट लगाकर पानी निकासी का कार्य कराया जा रहा है। हालांकि निकासी की गति धीमी होने के कारण प्रभावित लोगों को अभी तक पूरी राहत नहीं मिल सकी है। आज सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष देशराज सिंह ने जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पंपसेट दिन-रात संचालित कर जल्द से जल्द पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।






















