
हाथरस 08 जुलाई। एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा पति की मृत्यु के बाद एलआईसी की रकम धोखे से हड़पने का आरोप लगाते हुए महिला थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता बबीता, पुत्री सुभाष चंद, निवासी लाडपुर, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह पंकज कुमार, निवासी रायपुर मुंजप्ता, मालवीय नगर, अतरौली (जनपद अलीगढ़) के साथ हुआ था। विवाह में उसके माता-पिता ने लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए थे तथा दो लाख रुपये नकद, एक बाइक, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य घरेलू सामान दहेज में दिया था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, ससुर, सास और ननद कम दहेज लाने का ताना देकर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते थे। साथ ही अतिरिक्त दहेज में मारुति कार की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। बबीता ने बताया कि कुछ समय बाद उसके पति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। आरोप है कि पति की मौत के पांच दिन बाद उसके ससुर ने धोखे से खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराकर एलआईसी की पूरी धनराशि अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद कुछ दिनों में उसे ससुराल से निकाल दिया गया। पीड़िता ने पुलिस से दहेज में दिया गया सामान वापस दिलाने तथा आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




















