Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 05 जुलाई। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने, लाखों रुपये और जेवर हड़पने तथा बेटे की हत्या की धमकी देने का आरोप लगाते हुए युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामला पहले मथुरा जनपद के थाना बलदेव में दर्ज हुआ था, लेकिन घटनास्थल सादाबाद कोतवाली क्षेत्र का पाए जाने पर विवेचना स्थानांतरित कर दी गई। रविवार को सादाबाद पुलिस ने मुकदमा अपने यहां दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सादाबाद क्षेत्र की निवासी पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2023 में कैंसर की बीमारी से उसके पति की मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के कुछ माह बाद उसका 11 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से बीमार हो गया। इसी दौरान सादाबाद बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात बलदेव थाना क्षेत्र के गांव पटलोनी निवासी अंशू गौतम से हुई। आरोप है कि युवक ने सहानुभूति जताते हुए उसका मोबाइल नंबर लिया और बाद में लगातार बातचीत करने लगा। उसने महिला और उसके पुत्र का सहारा बनने तथा शादी करने का भरोसा दिया, जिसके बाद उसका घर आना-जाना शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान वह गर्भवती हो गई तो आरोपी ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने अपनी जरूरत बताकर अलग-अलग समय पर उसके बैंक खाते से दो लाख रुपये निकलवा लिए। इसके अलावा 80 हजार रुपये उधार भी दिलवाए। आरोपी उसकी दो सोने की अंगूठियां और चांदी की तोड़ियां भी अपने साथ ले गया। आरोपी ने उससे कुल 2.80 लाख रुपये और जेवर हड़प लिए। जब उसने शादी करने या अपने रुपये, जेवर वापस की मांग की तो आरोपित ने शादी से साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसके 11 वर्षीय पुत्र की हत्या करने की धमकी दी। महिला ने इसकी शिकायत एसएसपी मथुरा से की, 28 जून को थाना बलदेव में मुकदमा दर्ज हुआ। जांच के दौरान घटनास्थल सादाबाद का पाए जाने पर विवेचना सादाबाद स्थानांतरित कर दी गई। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page