Hamara Hathras

Latest News

आगरा 04 जुलाई। ताजनगरी से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने पति की हत्या कर उसके शव को घर के बाथरूम में दफनाने का आरोप है। हैरानी की बात यह है कि शव को दफनाने के बाद आरोपी ने उसके ऊपर प्लास्टर करवाकर नई टाइल्स लगवा दीं, ताकि किसी को कोई शक न हो। इसके बाद वह करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक करती रही और पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट तक दर्ज करा दी।

मृतक की पहचान भरतपुर के रंजीतनगर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित दहतोरा की रेणुका धाम कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियां हैं।

45 दिन तक गुमशुदगी का ड्रामा

परिजनों के अनुसार 18 मई को रूबी ने बताया कि सुरेंद्र अचानक घर से कहीं चले गए हैं। इसके बाद 26 मई को सिकंदरा थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। पिछले करीब डेढ़ महीने से वह रिश्तेदारों, पड़ोसियों और परिचितों को यही बताती रही कि उसके पति लापता हैं और उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा।

बड़े भाई को हुआ शक

मृतक के बड़े भाई अनिल शर्मा को समय के साथ रूबी की बातों पर संदेह होने लगा। उनका कहना है कि आरोपी हर बार अलग-अलग कहानी बताती थी। उन्होंने सुरेंद्र के बैंक खातों और अन्य जानकारियों की भी जांच की। कई बार उन्होंने रूबी से सच बताने को कहा और भरोसा दिलाया कि यदि कोई घटना हुई है तो वह उसकी मदद करेंगे, लेकिन वह लगातार बात टालती रही।

आरोपी ने खुद खोला राज

शुक्रवार सुबह रूबी ने खुद अनिल शर्मा को फोन कर घर बुलाया। जब वे पहुंचे तो उसने कहा कि सुरेंद्र घर में ही हैं। इसके बाद वह उन्हें बाथरूम में ले गई और बताया कि शव जमीन के नीचे दफन है। पहले तो अनिल शर्मा को उसकी बात पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन जब उसने दोबारा यही बात कही तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

बाथरूम की खुदाई में मिला शव

सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपी के जवाबों और हावभाव पर पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाने की बात स्वीकार कर ली।

एसीपी हरीपर्वत अमीषा के अनुसार आरोपी ने पहले बाथरूम में गड्ढा खोदकर शव को दफनाया, फिर ऊपर से प्लास्टर करवाकर नई टाइल्स लगवा दीं ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने टाइल्स हटवाकर खुदाई कराई, जहां से सुरेंद्र कुमार शर्मा का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आत्महत्या का दावा, पुलिस कर रही जांच

मृतक के भाई अनिल शर्मा के मुताबिक शुरुआती बातचीत में रूबी ने दावा किया कि सुरेंद्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। वह घबरा गई और डर के कारण शव को घर में ही दफना दिया। हालांकि पुलिस इस दावे को अंतिम सत्य नहीं मान रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या कब हुई, वारदात में कोई और शामिल था या नहीं, तथा शव को दफनाने में आरोपी की किसने मदद की। फिलहाल आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page