Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 जुलाई। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी)-2026 का दूसरा दिन शुक्रवार को जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुआ। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 703 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन के अनुसार प्रत्येक पाली में 3,720 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 3,309 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 411 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3,428 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 292 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। पुरुष अभ्यर्थियों के जूते उतरवाकर तलाशी ली गई, जबकि महिला अभ्यर्थियों के बाल खुलवाकर एवं आभूषण उतरवाकर जांच की गई। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए केंद्रों के भीतर पानी की बोतल सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं थी। कई दिव्यांग अभ्यर्थी भी परीक्षा में शामिल हुए, जिनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रथम पाली के लिए सुबह 8:45 बजे परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भीड़ देखी गई। जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे, जबकि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। गौरतलब है कि परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में कुल 1,001 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। वहीं दूसरे दिन यह संख्या घटकर 703 रह गई। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का अंतिम दिन शनिवार, 4 जुलाई को होगा, जिसमें परीक्षा एक ही पाली में आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page