हाथरस। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को शिकायती पत्र भेजकर गांव के ही कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि समुदाय विशेष के कुछ लोगों ने उनके परिवार के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, मारपीट की, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, मोबाइल फोन तोड़ दिया तथा जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत पत्र के अनुसार, घटना 4 जुलाई की सुबह उस समय हुई, जब परिवार के सदस्य बच्चों को स्कूल भेज रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद कथित रूप से आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया और पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। महिला ने डीजीपी को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, उनकी गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक पुष्टि या कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
























