सादाबाद 01 जुलाई। मथुरा रोड पर बुधवार को नौगांव के पास मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। हादसे में वाहन में सवार एक दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सभी महिलाएं एक गांव में शोक सभा में शामिल होने जा रही थीं।सीएचसी में तैनात चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, तीन महिलाओं की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे में रेखा पत्नी कमल सिंह, यशोदा पत्नी किशन सिंह, लवली पुत्री चेतराम, सरिता पत्नी पवन, गोलवती पत्नी महाराम सिंह, लक्ष्मी देवी पत्नी होती लाल, आरती पत्नी रवि कुमार, शकुंतला पत्नी पूरन सिंह, कमली पत्नी जसवंत सिंह, पिंकी पत्नी चेतराम सिंह और अंगूरी देवी पत्नी हेतराम सिंह सहित अन्य लोग घायल हो गए। चिकित्सकों ने सभी घायलों का उपचार किया, जबकि लवली, सरिता और गोलवती को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया।जानकारी के अनुसार, मैक्स में सवार लोग मथुरा जनपद के थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव नगला हमला से सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला मोहन आ रहे थे। वे मिहीलाल के यहां गमी में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नौगांव के पास वाहन चालक का मैक्स से नियंत्रण हट गया और वाहन सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक प्रदीप चौधरी, जिला पंचायत सदस्य केशव देव चौधरी तथा राष्ट्रीय लोकदल के अन्य नेता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को घायलों का समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने से ही हादसा होना सामने आया है।


























