Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 30 जून । कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला करीमनगर निवासी एक विवाहिता की मौत के बाद उसके भाई ने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मोहल्ला करीमनगर निवासी पंकज उपाध्याय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन कोमल उर्फ मीनाक्षी उपाध्याय का विवाह करीब ढाई वर्ष पूर्व जनपद कासगंज के सूत की मंडी निवासी युवक से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति, सास, ससुर, ननद और ननदोई अतिरिक्त दहेज में नकदी, जेवर और कार की मांग को लेकर कोमल का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते थे। शिकायत के अनुसार, कई बार मांगें पूरी किए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और कोमल के साथ मारपीट की जाती रही। आरोप है कि 28 जून को भी उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसने अपने भाई को फोन कर बुलाया। पंकज उसे अपने साथ मायके ले आए। परिजनों का आरोप है कि मायके आने के बाद भी कोमल ससुराल में हुए कथित उत्पीड़न के कारण गहरे मानसिक तनाव में थी। इसी तनाव के चलते मंगलवार को उसने आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर अवस्था में उसे उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका का पोस्टमार्टम भी अलीगढ़ में कराया गया है। मृतका के भाई ने पति, सास, ससुर, ननद और ननदोई के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page