Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली के लाल किले के ऊपर भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टर ने ‘वंदे मातरम्’ अंकित ध्वज के साथ ऐतिहासिक उड़ान भरी। इस विशेष उड़ान की कमान हाथरस जिले के मेंडू निवासी स्क्वाड्रन लीडर अंकित वार्ष्णेय ने संभाली। उनकी इस उपलब्धि से हाथरस सहित मेंडू क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। स्क्वाड्रन लीडर अंकित वार्ष्णेय मेंडू निवासी मुकेश कुमार वार्ष्णेय और सुनीता वार्ष्णेय के पुत्र हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना के MI-17 हेलीकॉप्टरों ने लाल किले के ऊपर से पुष्पवर्षा की। इस दौरान एक हेलीकॉप्टर ने राष्ट्रीय ध्वज, जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर ने ‘वंदे मातरम्’ अंकित ध्वज लेकर उड़ान भरी। आसमान में लहराते दोनों ध्वजों के साथ हेलीकॉप्टरों का यह दृश्य लोगों के लिए आकर्षण और गौरव का केंद्र रहा। यह विशेष आयोजन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया। इस ऐतिहासिक क्षण में हाथरस के लाल की भूमिका की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके भाई प्रदीप वार्ष्णेय, संदीप वार्ष्णेय, बहन संगीता वार्ष्णेय सहित अन्य रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों ने अंकित की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। उनका कहना है कि स्क्वाड्रन लीडर अंकित वार्ष्णेय ने स्वतंत्रता दिवस के इस ऐतिहासिक अवसर पर अपनी भूमिका से परिवार ही नहीं, बल्कि मेंडू और पूरे हाथरस जनपद का नाम भी गौरवान्वित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page