
हाथरस 29 जून । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री बनने के बाद यतेन्द्र शर्मा कल मंगलवार को पहली बार अपने गृह जनपद हाथरस पहुंचेंगे। सुबह करीब 10 बजे वह सासनी स्थित अपने पैतृक आवास पर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों में भारी उत्साह का माहौल है। जिलेभर में कई स्थानों पर स्वागत की तैयारियां की गई हैं और कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए उत्साहित हैं।
प्रदेश मंत्री के रूप में पहली बार गृह जनपद आगमन पर विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और स्वागत कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए थे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक वाहन रैली एवं लंबे काफिले के साथ उनका स्वागत करने की तैयारी कर रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश संगठन में हाथरस को मिली यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। हालांकि, स्वागत की तैयारियों के बीच यतेन्द्र शर्मा ने अपने समर्थकों से सादगी और अनुशासन बनाए रखने की अपील कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अनावश्यक वाहन रैली और लंबे काफिलों के साथ उन्हें रिसीव करने न आएं, बल्कि सीधे सासनी स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर आत्मीय वातावरण में मुलाकात करें।
यतेन्द्र शर्मा ने कहा कि हाल ही में हुए लखनऊ हादसे और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अनावश्यक वाहन रैलियों से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होती है और आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसलिए सभी कार्यकर्ता संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए सादगीपूर्ण स्वागत करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह, विश्वास और जनता का प्रेम ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। स्वागत की भव्यता से अधिक महत्वपूर्ण संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और जनसेवा की भावना है। उन्होंने सभी समर्थकों से संयमित और अनुशासित तरीके से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। राजनीतिक हलकों में यतेन्द्र शर्मा की इस अपील की सराहना की जा रही है। जानकारों का मानना है कि ऐसे समय में जब राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के लिए बड़े-बड़े काफिले और भीड़ जुटाई जाती है, तब सादगी, जनसुविधा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देना एक सकारात्मक पहल है। मंगलवार को सासनी स्थित उनके पैतृक आवास पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों के पहुंचने की संभावना है, जहां सादगीपूर्ण लेकिन आत्मीय माहौल में उनका स्वागत किया जाएगा। प्रदेश मंत्री बनने के बाद उनका यह पहला गृह जनपद दौरा संगठन के लिए महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ सामाजिक संवेदनशीलता और जनहित का संदेश भी देगा।

























