Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 29 जून । कस्बे के जवाहर बाजार स्थित गुणेश द्वार के निकट बीती रात अज्ञात चोरों ने दो कॉस्मेटिक दुकानों में चोरी का प्रयास किया। चोरों ने दुकानों की पिछली दीवार काटकर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन अंदर बनी लेंटर की मजबूत दीवार के कारण वे सफल नहीं हो सके। चोर बिना कोई सामान चुराए मौके से फरार हो गए। ये दुकानें सुभाष गली निवासी मुकेश कुमार गोयल और खेमचंद्र गोयल की हैं, जो जवाहर बाजार में अगल-बगल स्थित हैं। दुकानदारों ने बताया कि इन दुकानों में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए, दुकानदारों ने सुरक्षा के लिए ईंटों की दीवार के पीछे एक अतिरिक्त लेंटर की दीवार बनवाई थी। बताया गया कि रविवार रात चोर ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर की ओर से दुकानों के पीछे पहुंचे। उन्होंने बाहरी दीवार को काट दिया, लेकिन अंदर बनी मजबूत लेंटर की दीवार को भेदने में नाकाम रहे। काफी कोशिशों के बाद भी जब उन्हें सफलता नहीं मिली, तो वे वहां से भाग निकले। सोमवार सुबह दुकानदारों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। दुकानदारों ने बताया कि जवाहर बाजार में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। कस्बा इंचार्ज अंकित चौधरी ने जानकारी दी कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालेगी, ताकि चोरी का प्रयास करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page