Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 29 जून। जेष्ठ मास शुक्ल पक्ष पूर्णिमा एवं शुभ संवत 2083 के अवसर पर सोमवार को श्री दाऊजी महाराज किला स्थित श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा रजिस्टर्ड के शिविर में विश्व शांति, मानव कल्याण एवं आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण की कामना के साथ भव्य विष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर सुख-समृद्धि और शांति की प्रार्थना की। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान के साथ चारों वेदों की कलश स्थापना एवं श्री गणपति गणेश के पूजन-अर्चन से हुआ। यज्ञ का संचालन आचार्य रूपराम शर्मा, आचार्य बागीष दत्त गौड़ तथा श्री वेद भगवान के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष  डॉली मोहोर एवं वासुदेव मोहोर एडवोकेट मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रों के साथ भगवान विष्णु को 1101 आहुतियां अर्पित की गईं तथा 101 गायत्री महामंत्रों के जाप के साथ पूर्णाहुति संपन्न हुई। इसके बाद श्री वेद भगवान के अध्यक्ष, आचार्यों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने पंडित रंजन पचौरी, पुजारी श्री वेद भगवान, को संस्था की सेवा में उनके समर्पित योगदान के लिए बगलबंदी, पंचवस्त्र एवं दक्षिणा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में पंडित सत्येंद्र स्वरूप शर्मा, पंडित रंजन पचौरी, पंडित देव स्वरूप शर्मा, पंडित आदित्य स्वरूप शर्मा तथा शशांक पचौरी एडवोकेट का सराहनीय सहयोग रहा। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद श्री विष्णु भगवान, श्री वेद भगवान, बलदाऊ जी महाराज एवं रेवती मैया के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। अंत में आरती-वंदन के पश्चात श्रद्धालुओं को भोग-प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page