
लखनऊ 26 जून। आज लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय पर भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक हुई । इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे । बतादें कल भाजपा ने लंबे इंतजार के बाद जंबो प्रदेश कार्यकारिणी घोषित कर दी, जिसकी मीटिंग अगले ही दिन यानी आज शुक्रवार को ही बुला ली गई । हाथरस से बृजबहादुर और यतेंद्र शर्मा को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह मिली है। सासनी के रहने वाले बृजबहादुर को प्रदेश उपाध्यक्ष व यतेंद्र शर्मा को प्रदेश मंत्री बनाया गया है।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने 64 सदस्यीय नई टीम को चुनावी प्रबंधन का मंत्र दिया । उन्हें पार्टी की नीतियों व अपेक्षाओं से अवगत कराया। नई प्रदेश इकाई में प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री व मंत्री के रूप में 46 पदाधिकारी बनाए गए हैं, जबकि छह क्षेत्रीय अध्यक्ष व छह मोर्चों के अध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं। कार्यालय मंत्री व प्रवक्ता के तौर पर छह अन्य चेहरों को टीम का हिस्सा बनाया गया है। बड़ी संख्या में युवा चेहरों को अवसर दिया गया है। मोर्चों में भी अनुभवी चेहरों को रखा गया है।

