
हाथरस 23 जून। चामड़ गेट चौराहे पर ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक सिपाही का मोबाइल छीनकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। जानकारी के अनुसार रविवार को चामड़ गेट चौराहे पर ट्रैफिक सिपाही मोहन सिंह यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान तीन बाइक सवार युवक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए निकले। चालान की कार्रवाई के लिए सिपाही ने अपने मोबाइल से उनकी फोटो खींची, जिससे युवक नाराज हो गए। आरोप है कि युवकों ने सिपाही के हाथ से मोबाइल झपट लिया और नई धर्मशाला रोड होते हुए आगरा रोड की ओर फरार हो गए। ट्रैफिक सिपाही ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। हालांकि उन्होंने बाइक के नंबर नोट कर लिए थे। बाद में आरोपियों ने मोबाइल से फोटो डिलीट कर उसे एक स्कूटी सवार के माध्यम से ट्रैफिक सिपाही तक पहुंचा दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई। आज मेंडू गेट चौकी प्रभारी यदुनाथ सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद सैफी निवासी किला गेट तथा रोहित निवासी नगला खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से ट्रैफिक सिपाही का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस तीसरे आरोपी की भूमिका की भी जांच कर रही है।




















