Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 23 जून। क्षेत्र की ग्राम पंचायत कजरौठी के गिजरौला गांव स्थित अस्थाई गौशाला का पशुपालन विभाग की उच्चस्तरीय ऑनलाइन टीम ने निरीक्षण किया। गौवंश संरक्षण और मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले कार्यों को गति देने के उद्देश्य से यह जांच की गई। इस डिजिटल निरीक्षण के दौरान जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को परखने के लिए डिप्टी सीएमओ विकास यादव अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ विकास यादव ने गौशाला के रख-रखाव, पशुओं की संख्या, टैगिंग और स्वास्थ्य से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेजों का गहनता से मिलान किया। सभी जरूरी आंकड़ों और फाइलों को डिजिटल रूप देकर ऑनलाइन माध्यम से लखनऊ स्थित पशुपालन विभाग के मुख्यालय को प्रस्तुत किया गया, ताकि पारदर्शी व्यवस्था बनी रहे। विभागीय अधिकारियों ने गौवंश को दी जाने वाली खुराक, पानी और चारे की गुणवत्ता की जांच की। कड़कती धूप और मौसम के प्रभाव को देखते हुए पशुओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दिया गया। जांच के दौरान गौशाला के भीतर चारे की पौष्टिकता और मात्रा मानक के अनुसार पाई गई, जिस पर टीम ने संतोष व्यक्त किया। पशुपालन विभाग की मुख्यालय टीम ने ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लाइव विजुअल्स देखे। इसके बाद पशुपालन विभाग ने और डिप्टी सीएमओ विकास यादव ने मौके पर मौजूद प्रबंधकों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में हरे चारे की सुचारू व्यवस्था लगातार जारी रहनी चाहिए। उन्होंने गौवंश को बीमारियों से बचाने के लिए परिसर की साफ-सफाई और जलभराव को साफ करने के भी निर्देश दिए। इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान महाराज सिंह और सचिव शैलेंद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page