सादाबाद 20 जून। जलेसर मार्ग पर गौड़ मैरिज होम के पास हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव रसीदपुर निवासी शिशुपाल सिंह ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनके भाई मनवीर सिंह पुत्र राम खिलाड़ी 17 जून की शाम करीब सात बजे ट्रैक्टर से खेत से लौट रहे थे। जलेसर रोड पर नगला केसरी स्थित गौड़ मैरिज होम के पास उन्होंने अपना ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे उतरने लगे। इसी दौरान सामने से तेज गति और लापरवाही से आ रही कार के चालक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पलट गया, जिसके नीचे दबकर मनवीर सिंह और नीरज पुत्र जगदीश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मनवीर सिंह की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया था, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, मृतक के शव का पोस्टमार्टम और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और कार मौके पर ही क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़े हैं। पुलिस ने दर्ज तहरीर के आधार पर कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




















