Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 जून । मथुरा रोड स्थित हतीसा पुल के पास कैलाश ढाबे के निकट गुरुवार शाम दो गुटों के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच करीब 20 राउंड गोलियां चलीं, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष फरार हो चुके थे। हाथरस गेट थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार उप निरीक्षक कैलाश बाबू ने बताया कि गुरुवार शाम करीब सात बजे बाईपास स्थित कैलाश ढाबे के पास एक स्कार्पियो, वैगनआर कार, अन्य कारों और एक बुलेट बाइक पर सवार लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी से सड़क पर गुजर रहे वाहन चालक और राहगीर घबरा गए। कई लोग अपने वाहन मोड़कर वापस लौट गए, जबकि कुछ वाहन चालक अपने वाहन सड़क पर छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। वहीं ढाबे पर भोजन कर रहे ग्राहक और संचालक भी जान बचाने के लिए मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से 12 बोर और .315 बोर के कई खाली खोखे बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने विजय प्रताप, संदीप, मोना ठाकुर, सूर्या, शानू, अनुज, जितेंद्र और हेमू ठाकुर सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हाथरस गेट इंस्पेक्टर नितिन कसाना ने बताया कि दो गुटों के बीच फायरिंग की घटना हुई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page