Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 जून । दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को सासनी क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने विभिन्न डेयरियों पर छापेमारी कर दूध के नमूने संग्रहित किए। अभियान के दौरान टीम ने विष्णु डेरी, कान्हा डेरी, सलीम डेरी और हरपाल डेरी पर पहुंचकर निरीक्षण किया। मिलावट की आशंका के आधार पर चारों प्रतिष्ठानों से दूध के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा सहायक आयुक्त खाद्य के निर्देश पर जनपद में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, डॉ. विकास कुमार, नरेंद्र कुमार गौड़, करतार सिंह, भरत सिंह, प्रियेश कुमार सिंह एवं पारूल सिंह भी मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page