हाथरस 19 जून । मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वेद प्रकाश ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महौ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों, कक्षों एवं टीकाकरण गतिविधियों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के समय उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसमें डा. बीएन अवस्थी, डा. राशि, डा. अभिषेक राघव, प्रमोद कुमार फार्मासिस्ट सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित पाए गए। सीएमओ ने अस्पताल की कार्यप्रणाली एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान एमएनसीयू वार्ड की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इसके बाद एनबीएसयू कक्ष का निरीक्षण किया गया, जहां भारती (स्टाफ नर्स) एवं सना (स्टाफ नर्स) ड्यूटी पर मौजूद मिलीं। कक्ष में नवजात शिशुओं के लिए स्थापित वार्मर क्रियाशील अवस्था में पाया गया। सीएमओ ने एक्स-रे कक्ष का भी निरीक्षण किया, जहां मोहित सेंगर उपस्थित मिले। जानकारी लेने पर बताया गया कि केंद्र पर प्रतिदिन लगभग 40 से 50 एक्स-रे किए जाते हैं। एक्स-रे सेवाओं की स्थिति भी संतोषजनक पाई गई। इसके उपरांत ग्राम बघराया में स्थापित उपकेंद्र पर चल रहे एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा की गई। उपस्थित स्टाफ ने बताया कि निर्धारित ड्यू लिस्ट के अनुसार 20 लाभार्थियों के सापेक्ष 7 बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है तथा शेष लाभार्थियों का टीकाकरण भी शाम तक पूरा कर लिया जाएगा। यहां की व्यवस्थाएं भी संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के दौरान ग्राम रडावली में कौशल (एएनएम) द्वारा एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही थी। वहां टीकाकरण कार्य सामान्य एवं व्यवस्थित रूप से संचालित होता पाया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता और गुणवत्ता के साथ संचालित करने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
























