Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 19 जून। नगर में एक निजी टेलीकॉम कंपनी द्वारा भूमिगत केबल बिछाने के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। रोडवेज बस स्टैंड सहित तीन स्थानों पर बड़ी ड्रिल मशीन से केबल डालने के दौरान यह घटना हुई। इसके चलते नगर के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है, और शनिवार तक पानी की आपूर्ति सामान्य होने की संभावना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, यह निजी कंपनी नगर में हाई-स्पीड नेटवर्क के लिए भूमिगत केबल बिछा रही थी। इसी क्रम में रोडवेज बस स्टैंड के पास ड्रिलिंग मशीन ने नगर पंचायत की मुख्य पेयजल पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया। पाइपलाइन टूटते ही पानी का रिसाव शुरू हो गया, जिससे रोडवेज बस स्टैंड इलाके में भारी जलभराव हो गया और नगर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई। घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया। हालांकि, पाइपलाइन को हुए व्यापक नुकसान के कारण मरम्मत कार्य में अधिक समय लग रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जलापूर्ति सामान्य होने में शनिवार तक का समय लग सकता है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत लगातार जारी है। नगर पंचायत का पूरा अमला जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल करने में जुटा हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शनिवार तक मरम्मत कार्य पूरा कर पेयजल आपूर्ति पुनः शुरू कर दी जाएगी। अधिशासी अधिकारी ने नगरवासियों से अपील की है कि जिन परिवारों को नगर पंचायत की पाइपलाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति होती है, वे अगले दो दिनों तक अपनी आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण कर लें अथवा अन्य वैकल्पिक साधनों से पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने नागरिकों से मरम्मत कार्य में सहयोग करने का भी आग्रह किया ताकि कार्य बिना किसी बाधा के समय पर पूरा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page