सादाबाद 18 जून । नगर के मथुरा अड्डा स्थित प्राइवेट बस स्टैंड पर गुरुवार को युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वह प्राइवेट बस की चपेट में आ गया था। हादसे के बाद युवक कुछ देर तक बस स्टैंड परिसर में ही घायल अवस्था में पड़ा रहा। बस संचालक और ऑपरेटरों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, धानौटी निवासी फिरोज खान पुत्र सोन खान किसी काम से प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान वह एक प्राइवेट बस की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों और बस ऑपरेटरों ने तुरंत घायल फिरोज को उठाया और निजी वाहन से सीएचसी सादाबाद पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल फिरोज खान का प्राथमिक उपचार किया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में बसों की आवाजाही के दौरान अक्सर अव्यवस्था रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।






















