Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 जून । देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों की सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासन की मंशा के अनुरूप जिला सूचना विभाग हाथरस द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित यह प्रदर्शनी 16 जून से प्रारंभ हुई थी। प्रदर्शनी का शुभारंभ 16 जून को जनपद के प्रभारी मंत्री द्वारा जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया था। इसके बाद 17 एवं 18 जून को भी प्रदर्शनी आमजन के अवलोकन हेतु खुली रही।

प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। प्रदर्शनी में युवा, महिला एवं गरीब कल्याण को समर्पित योजनाओं, उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुकी वृहद इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास, आंतरिक सुरक्षा के सुदृढ़ मॉडल तथा विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की अवधारणा को आकर्षक चित्रों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण तथा युवाओं के रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया। साथ ही प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, आधुनिक हवाई अड्डों, औद्योगिक गलियारों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास, निवेश एवं रोजगार सृजन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी भी प्रदर्शित की गई। कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले आम नागरिकों ने प्रदर्शनी का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवाकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रचार साहित्य, जिनमें “विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष” नामक पुस्तक/फोल्डर तथा “फर्क साफ है” पुस्तिका शामिल हैं, का भी आमजन के बीच वितरण किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को सरकार की उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना तथा विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page