
हाथरस 16 जून । महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य के हाथरस आगमन पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम हतीसा भगवन्तपुर में अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस निर्माण परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य की अध्यक्षता में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि हाथरस को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अटल कन्वेंशन सेंटर की सौगात मिलने जा रही है। लगभग 200 लोगों की क्षमता वाले इस सेंटर में सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, प्रशासनिक एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक जनपद में बड़े आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थल का अभाव था, लेकिन इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद यह समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने बताया कि कन्वेंशन सेंटर परिसर में अतिथियों के ठहरने हेतु आधुनिक गेस्ट हाउस का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे बाहर से आने वाले अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य आगंतुकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 7 से 7.5 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ हो गया है और लगभग एक वर्ष की अवधि में परियोजना के पूर्ण होकर जनसामान्य को समर्पित किए जाने की संभावना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना न केवल जनपद के विकास को नई गति देगी, बल्कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई पहचान प्रदान करेगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










