
हाथरस 16 जून । पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कम्प्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार इस योजना के तहत न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण शैक्षिक योग्यता रखने वाले ऐसे बेरोजगार युवक-युवतियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिनके माता-पिता अथवा अभिभावकों की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये तक है। योजना के अंतर्गत भारत सरकार की संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से ‘ओ-लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, समय-सारिणी एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की वेबसाइट तथा योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन करने के पश्चात अभ्यर्थियों को आवेदन-पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 10 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-208, विकास भवन, हाथरस में जमा कराना अनिवार्य होगा। विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे इस योजना का लाभ प्राप्त कर रोजगारपरक कम्प्यूटर प्रशिक्षण हासिल कर सकें।


























