
हाथरस 03 जुलाई। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर आज दोपहर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चंदपा कोतवाली क्षेत्र के नगला भुस के पास हुआ, जहां किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव चौबारा निवासी 35 वर्षीय अजीत सिंह पुत्र बहादुर सिंह और उनके गांव के ही बंटी हाथरस न्यायालय में पेशी पर आने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नगला भुस के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बंटी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बताया गया है कि मृतक अजीत सिंह अविवाहित थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।





















