Hamara Hathras

Latest News

नोएडा 14 जून । कल सोमवार, 15 जून 2026 का दिन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। इसी दिन से एयरपोर्ट पर वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू होगा और पहली यात्री उड़ान लखनऊ से जेवर पहुंचेगी। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार इंडिगो एयरलाइंस की उद्घाटन उड़ान सुबह 7:05 बजे लखनऊ से उड़ान भरेगी और लगभग एक घंटे की यात्रा के बाद सुबह 8:05 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इंडिगो इस एयरपोर्ट से संचालन शुरू करने वाली पहली एयरलाइन होगी।

इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। सूत्रों के अनुसार उद्घाटन उड़ान में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, उद्योगपति तथा विशिष्ट अतिथि शामिल हो सकते हैं। वहीं एयरपोर्ट निर्माण के लिए भूमि देने वाले किसानों को भी इस ऐतिहासिक उड़ान का हिस्सा बनाया गया है। 15 जून को लखनऊ और बेंगलुरु के लिए उड़ानों का संचालन शुरू होगा। इसके बाद 16 जून से हैदराबाद, जम्मू और अमृतसर जैसे शहर भी इस एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे। एक जुलाई से नियमित उड़ान सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, जिसके तहत बरेली, नवी मुंबई, श्रीनगर, जयपुर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, चंडीगढ़, किशनगढ़ और देहरादून सहित कई शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू होने की योजना है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में से एक है। पहले चरण में यह प्रतिवर्ष लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 7 करोड़ यात्रियों तक किया जा सकेगा। एयरपोर्ट के संचालन से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही व्यापार, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page