
हाथरस 14 जून । प्रभुकुल बैडमिंटन अकादमी, बसंत व्यू कॉलोनी, अलीगढ़ रोड, हाथरस द्वारा आयोजित प्रभुकुल बैडमिंटन स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम – समर कैंप 2026 (सीज़न-5) का आज रविवार को भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथियों डॉ. प्रदीप रावत, डॉ. माधवी शर्मा एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर अकादमी की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेलों के प्रति समर्पण, अनुशासन, फिटनेस एवं नियमित अभ्यास के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतिथियों ने प्रभुकुल बैडमिंटन अकादमी द्वारा खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक नकुल सिंघल ने बताया कि समर कैंप का आयोजन 14 जून से 28 जून तक किया जाएगा। कैंप में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों को बैडमिंटन की तकनीकी बारीकियों, फुटवर्क, फिटनेस, मैच प्रैक्टिस तथा प्रतियोगी तैयारी का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। अंत में अकादमी की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि प्रभुकुल बैडमिंटन अकादमी पिछले पांच वर्षों से जिले के खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर रही है तथा हाथरस में बैडमिंटन खेल के विकास के लिए निरंतर कार्यरत है।


























