सादाबाद 13 जून। गुरुवार रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण त्यागी कॉलोनी स्थित एक दो मंजिला मकान का ऊपरी हिस्सा ढह गया था। इस हादसे के बाद मकान की छत से लोहे के गाटर, ईंट-पत्थर और अन्य मलबा खतरनाक स्थिति में लटक गया था।
नीचे से गुजरने वाले रास्ते पर लोगों का, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों का, आवागमन रहता था, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यदि लटके हुए गाटर पर हल्का सा भी कंपन होता तो वह नीचे गिर सकता था, जिससे गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। संभावित खतरे को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने तत्काल उपजिलाधिकारी मनीष चौधरी को सूचना दी और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को समझते हुए एसडीएम मनीष चौधरी ने तुरंत नगर पंचायत प्रशासन को मौके पर भेजकर खतरे को समाप्त करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर शनिवार को नगर पंचायत के कर्मचारी आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक लटके हुए लोहे के गाटर के टुकड़े, ढीले ईंट-पत्थर और अन्य मलबे को हटाकर रास्ते को सुरक्षित किया। इस कार्रवाई से एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। खतरा टलने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। क्षेत्रवासियों ने एसडीएम मनीष चौधरी और नगर पंचायत की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जर्जर भवनों की समय-समय पर जांच कराने की मांग की, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।





















