Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 13 जून। कस्बे और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार-शनिवार की रात मौसम में बदलाव आया। देर रात करीब एक बजे तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई, जो लगातार तीन घंटे तक जारी रही। इस दौरान तेज हवाएं चलीं और बिजली भी कड़कती रही। बारिश का यह सिलसिला सुबह लगभग चार बजे तक चला, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। इस बारिश से एक ओर लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जलभराव और फसलों को संभावित नुकसान की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है। खेतों में बड़े पैमाने पर पानी भर गया है, जिससे दलहन और कपास जैसी फसलों के पौधे पानी में डूब गए हैं। किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ नहीं होता, खेतों से पानी की निकासी नहीं होती या तेज धूप निकलती है, तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। यह स्थिति उनकी आजीविका के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। बारिश का सबसे अधिक असर कस्बे के निचले इलाकों में देखा गया। डाकखाना रोड, सुभाष गली, गौतम नगर और आनंद नगर सहित कई मोहल्लों में व्यापक जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने के साथ-साथ नालों और नालियों का गंदा पानी भी सड़क पर फैल गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।सुबह आवश्यक कार्यों के लिए निकलने वाले लोगों को पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हर साल बारिश के दौरान ऐसी ही स्थिति बनती है, क्योंकि जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं है। कई स्थानों पर नालियों की समय पर सफाई न होने के कारण पानी की निकासी बाधित हुई, जिससे जलभराव और बढ़ गया। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page