
हाथरस 12 जून । जिले में गिजरौली से गांव अल्लहैपुर तक जाने वाली लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वर्तमान में यह मार्ग संकरा होने के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से कृषि कार्यों में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली, मालवाहक वाहन, बसों एवं अन्य बड़े वाहनों के संचालन में दिक्कतें आती हैं। सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगी। यह मार्ग क्षेत्र के लगभग 80 गांवों को जिला मुख्यालय तथा अन्य प्रमुख मार्गों से जोड़ता है। लंबे समय से ग्रामीण और जनप्रतिनिधि इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। सड़क निर्माण और चौड़ीकरण से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने के साथ-साथ व्यापार, कृषि और परिवहन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव कार्ययोजना में शामिल कर शासन को भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


























