Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 12 जून । जिले के करीब 1.45 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं का कई दिनों से चल रहा इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया है। विद्युत निगम ने सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिजली बिल जारी कर दिए हैं। बिल जारी होने की सूचना उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर भी भेजी गई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।

बिल जनरेट होने में हुई देरी के कारण उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। कई उपभोक्ताओं को आशंका थी कि उन्हें अनुमान से अधिक बिल का भुगतान करना पड़ सकता है, जबकि कुछ लोग समय पर भुगतान न कर पाने को लेकर चिंतित थे। अब बिल जारी होने के बाद उपभोक्ता अपने बकाया भुगतान की स्थिति स्पष्ट रूप से देख सकेंगे। विद्युत निगम के अनुसार उपभोक्ता अपना बिल ऊर्जावान एप, यूपीपीसीएल एप, विभाग की आधिकारिक वेबसाइट तथा नजदीकी बिलिंग काउंटरों से प्राप्त कर सकते हैं। बिल की जानकारी मोबाइल पर भी उपलब्ध कराई गई है। आंकड़ों के अनुसार हाथरस शहर के लगभग 32,500 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए जून माह में करीब 9.85 करोड़ रुपये के बिल तैयार किए गए हैं, जबकि पूरे जनपद में लगभग 1.45 लाख उपभोक्ताओं के लिए करीब 40 करोड़ रुपये की बिलिंग की गई है। उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए इस सप्ताह दूसरे शनिवार और रविवार को भी विद्युत निगम के बिलिंग काउंटर खुले रहेंगे, ताकि लोग अवकाश के दिनों में भी अपना बिल जमा कर सकें और किसी प्रकार की असुविधा से बच सकें। अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार सिंह ने बताया कि सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिल जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से 23 जून तक बिल का भुगतान करने की अपील की है। विभाग ने 30 जून को विच्छेदन तिथि निर्धारित की है। किसी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता संबंधित उपखंड कार्यालय या बिलिंग केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page